Bhadohi

Mar 27 2023, 12:23

*मां कात्यायनी के दर्शन कर भक्त निहाल*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। चैत्र नवरात्र के छठवें दिन सोमवार को देवी मंदिरों में सुख-समृद्धि की प्रतीक मां कात्यायनी देवी का विधि-विधान से पूजन अर्चन किया गया।

देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु मां के दर्शन कर निहाल होते रहे। साथ ही सुख समृद्धि व सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।चैत्र नवरात्र में नगर क्षेत्र के लेकर ग्रामीण अंचल तक मां दुर्गा के रंग में रंग चुका है। चहुंओर मातारानी के दर्शन-पूजन की धूम मची है। सोमवार को देवी मंदिरों में सुबह से ही मां के छठें स्वरूप मां कात्यायनी के दर्शन के लिए कतार लग गई।

विशेषकर महिलाएं और युवतियों की अधिकता दिख रही है। भक्त जन दर्शन- पूजन के साथ रामचरित मानस एवं शक्ति की पाठ आदि भी करते देखे जा रहे हैं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर बज रहे देवी भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो चुका है। नगर के हरिहरनाथ मंदिर, घोपइला माता मंदिर आदि स्थानों पर दर्शन- पूजन करने का सिलसिला भोर से ही शुरू हो जा रहा है तो देर रात तक चल रहा है।

महिलाएं गीतों के जरिए देवी स्तुति कर रही हैं। पुराणों के अनुसार आदि शक्ति के छठें स्वरूप कात्यायनी की विधि- विधान से पूजा अर्चन करने से भौतिक सुख सुविधाओं की प्राप्ति होती है। दांपत्य जीवन सुखी रहता है। कात्यायनी ऋषि घोर तप कर आदि शक्ति को प्रसन्न करते हुए उन्हें अपनी पुत्री के रूप में मांगते हैं, जबकि देवी को अजन्मा माना जाता है।

ऋषि की तपस्या से प्रसन्न माता उनके कुल में जन्म लेती है, इसी से इनका नाम कात्यायनी देवी पड़ा। जो सच्चे हृदय से माता की पूजा व जागरण करता है माता की कृपा दृष्टि उस बनी रहती है

Bhadohi

Mar 26 2023, 22:08

*कोरोना पर बढ़ी चिंता, देशभर में 10 और 11 अप्रैल को माॅक ड्रिल*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। केंद्रीय सरकार ने कोविड -19 और एच3 एन 2 के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखकर पत्र जारी कर राज्यों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 केंद्रिय स्वास्थ्य मंत्रालय व भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( आईसीएमआर) ने साझा पत्र में कहा, 10 और 11 अप्रैल को देशभर के सभी अस्पतालों की कोविड व फ्लू के मामलों से निपटने की तैयारी परखी जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण व आईसीएमआर महानिदेशक राजीव बहल ने राज्यों के प्रमुख सचिव व स्वास्थ्य सचिवों को यह पत्र भेजा है।

 इसमें कहा गया है, सभी जिलों में सार्वजनिक और निजी अस्पतालों में बिस्तर, दवा, चिकित्सा उपकरण, आक्सीजन, वेंटिलेटर जैसी तमाम सुविधाओं का जायजा लिया लेने के लिए माॅक ड्रिल होगी। 

इसके संबंध में 27 मार्च को होने वाली वर्चुअल मीटिंग में सभी राज्यों को पूरा विवरण दिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय इससे पहले 10 और 11 अप्रैल को सभी तरह के श्वसन संबंधित मौसमी रोगजनकों के प्रसार को लेकर राज्यों को परामर्श कर चुका है।

Bhadohi

Mar 26 2023, 16:31

*जनपद के लोगो को आवारा पशुओं से मिलेगी राहत वेनेटरी वैन का हुआ शुभारंभ*


रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव

भदोही। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आज पूरे प्रदेश में गांव व शहर में घूम रहे आवारा पशुओं को उनके उचित स्थानपे भेजने के लिए मोबाइल वेटनरी यूनिट (सचल पशुचिकित्सा इकाई) का शुभारंभ किया जनपद के गांव व शहर में छुट्टा पशुओं को उनके उचित स्थान पर लेजाने के लिए दो मोबाइल वेटनरी वैन का शुभारंभ जिला मुख्यालय से जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ,औराई विधायक दीना नाथ भास्कर,जिलाधिकारी गौरांग राठी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि आज पूरे प्रदेश में जिस तरह से छुट्टा पशु घूम रहे है। उसको देखते हुए प्रदेश सरकार ने उन आवारा पशुओं को उनके उचित स्थान पर लेजाकर रखने के लिए जनपद में रविवार से दो वेनेटरी वैन गांव- गांव, नगर- नगर भ्रमण करके इन पशुओं को वैन में भर कर गौशाला में लेजाकर छोड़ने का काम करेंगे ।

जिलाधिकारी ने बताया की प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ जी ने आज पूरे प्रदेश में कुल 520 वेनेटरी वैन को एक साथ संचालित किया वैन का मुख्य उद्देश्य गांवों व नगरों में जो छुट्टा पशु घूम रहे है उनको इस वैन के माध्यम से गौशाला में लेजाकर छोड़ने का काम करेगी। जनपद में इस वैन के संचालन से जनपद में घूम रहे आवारा पशुओं से जनपद के लोगो को निजात मिलेगी फिरहाल अभी दो वैन का संचालन किया गया है आने वाले समय मे दो वैन और संचालित किया जाएगा।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:28

*राज्य स्तरीय यूथ 20 प्रतियोगिता में भदोही जनपद का प्रतिनिधित्व करते कानरा महाविद्यालय के छात्र अशफाक अहमद*


रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव

भदोही।‌लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय के निर्देशन में युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित 'Youth wfi Consultation' में 'Health, Wellbeing & Sports: Agenda For Youth' विषय पर आयोजित सम्मेलन में जनपद भदोही का प्रतिनिधित्व करने के लिए केएनपीजी काॅलेज ज्ञानपुर भदोही के वनस्पति विज्ञान के छात्र अशफाक अहमद ने प्रतिभाग किया। जनपद स्तरीय यूथ 20 प्रतियोगिता में अशफाक ने चयनित होकर प्रदेश में जाने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया था।

Youth wfi Consultation में मानसिक स्वास्थ्य, खेल से होने वाली चोटों से संबंधित स्वास्थ्य, खेल के विभिन्न आयामों पर चर्चा, योग और आयुर्वेद से संबंधित अन्य विषयों पर विभिन्न सत्रों में एक दिवसीय विचार विमर्श हुआ। जिसमें विशेषज्ञों ने अपनी बात रखी और युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम का उद्घाटन नवनीत सहगल युवा कल्याण विभाग, एवं कुलपति किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज श्री विपिन पुरी ने किया।

इस अवसर पर अशफ़ाक ने बताया कि जनपद भदोही प्रतिष्ठित महाविद्यालय केएनपीजी काॅलेज ज्ञानपुर भदोही व युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर निश्चित ही मेरे लिए गौरवपूर्ण है। संवाद और परिचर्चा के माध्यम से हमने विभिन्न विषयों पर अपनी समझ को ठीक किया है।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:23

विकास कार्य में किया जा रहा भेदभाव: जाहिद बेग


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। सूबे में होने वाले विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है। जिले के एक विधानसभा में बजट न मिलना गंभीर चिंता का विषय है। सपा में किया गया विकास कार्य ही हर तरफ दिख रहा है। जबकि छह साल में सरकार सिर्फ बयानबाजी ही कर रही है।

यह बातें भदोही विधायक जाहिद बेग पत्रकारों से हुए बातचीत में कहींभदोही विधायक जाहिद बेग ने कहा कि प्रभारी मंत्री पत्रक देकर काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को विश्विद्यालय बनाने की मांग किए गए हैं। बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की चौपट हुई फसलों का गलत आंकड़ा बताया जा रहा है। मौसम की मार से 60 से 80 प्रतिशत फसलों का नुकसान हुआ है।

उसी आधार पर किसानों को मुआवजा मुहैया कराए जाए। भदोही शहर स्थित फूलन देवी तिहारे पर ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। शहर में पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाए कहा कि कंधिया फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का शीघ्र पूर्ण किया जाए। सूबे में विकास कार्य में किसी तरह का भेदभाव न किया जाए।

Bhadohi

Mar 26 2023, 13:22

एक अप्रैल से वाहन चालकों को देना होगा अधिक टोल टैक्स


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वाराणसी-प्रयागराज से गुजरने वाले वाहनों को एक अप्रैल 2023 से अधिक टोल टैक्स देना होगा। प्राधिकरण हर वर्ष होल सेल प्राइज इंडेक्स के मुताबिक टोल टैक्स निर्धारित करता है। इस साल टोल टैक्स में 10 फीसदी बढ़ोतरी के आसार जताए जा रहे हैं।

हाईवे प्राधिकरण की ओर से लिए गए इस फैसले के बाद लोगों की जेब ढीली होगी। वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर प्राधिकरण ने जिले में लालानगर के पास टोल प्लाजा बनाया हुआ है। हाईवे से गुजरने वाले वाहन टोल प्लाजा पर निर्धारित शुल्क देते हैं। पांच वर्ष पूर्व से फास्टैग व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा के पास जाम जैसी समस्या देखने को नहीं मिलती। इसके साथ ही वाहन चालकों के समय की भी बचत होती है।

हाईवे पर सुविधाओं के विस्तार और रखरखाव को लेकर प्राधिकरण हाईवे से गुजरने वाले वाहनों पर टैक्स लगाता है। प्राधिकरण हर साल एक अप्रैल को टैक्स शुल्क की बढ़ोतरी करता है। इस साल भी बढ़ोतरी के आसार हैं। परियोजना निदेशक हाईवे पंकज मिश्रा ने बताया कि प्राधिकरण हर साल होल सेल प्राइज इंडेक्स के मुताबिक टोल टैक्स का रेट तय करता है। इस बार भी एक अप्रैल से टैक्स चार्ट में परिवर्तन किया जायेगा। इसमें टोल टैक्स में बढ़ोतरी के आसार हैं।

Bhadohi

Mar 26 2023, 12:39

*गंगा से सटे 47 गांवों के विकास के लिए सवा दो करोड़*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। स्वच्छ भारत मिशन के फेज-2 में नमामि गंगे योजना के तहत गंगा के तटवर्ती 47 ग्राम पंचायतों के 89 राजस्व गांव मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

योजना के तहत पहली किस्त के रूप में दो करोड़ 20 लाख रुपये पंचायतों को भेज दिए गए हैं।

खर्च का प्रमाणपत्र देने पर दूसरी और तीसरी किस्त की रकम भेजी जाएगी। इससे गांव में ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन सहित साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

जिले की 546 ग्राम पंचायतों में पहले चरण में एकल शौचालय और सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है, लेकिन कूड़े का निस्तारण नहीं होने से गंदगी फैली रहती है। इसे ठीक करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के फेज-2 में 17 राजस्व गांवों को मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जहां डोर टू डोर कूड़ा निस्तारण, ठोस कूड़ा प्रबंधन, वर्मी कंपोस्ट पिट निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

17 राजस्व गांवों के साथ अब गंगा से सटे 47 ग्राम पंचायतों को भी मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई। ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना के हिसाब से पंचायत राज विभाग ने दो करोड़ 20 लाख रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि गंगा से सटे 47 गांव भी मॉडल की तर्ज पर विकसित होंगे। ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के बाद काम शुरू हो गया है। पहली किस्त में दो करोड़ 20 लाख भेजा जा चुका है।

Bhadohi

Mar 24 2023, 14:21

कालीन नगरी में कोविड की वापसी, एक की रिपोर्ट पॉजीटिव


नितेश श्रीवास्तव 

भदोही। जिले में कोरोना ने एक बार फिर दस्तक दिया है। सुरियावां क्षेत्र के एक 55 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। जिसके बाद स्वास्थ्य महकमें में हलचल मच गई है। विभाग ने कोविड को लेकर लोगों से सतर्कता बरतने की सलाह दी है। 

कोरोना पॉजीटिव महिला को विभाग ने घर में ही क्वांरटीन कर दिया है। विभाग के अनुसार महिला को सामान्य समस्या है। इसलिए घबराने की नहीं, बल्कि हमें सावधान रहने की आवश्यकता है। कोरोना की आहट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां भी पुख्ता की हैं। महिला को घर में ही आइसोलेट भी कर दिया गया है, लेकिन मजे की बात है कि जिले में कोविड से बचाव के लिए वैक्सीन ही नहीं है। 

स्वास्थ्य केन्द्रों पर पहुंचने वाले लोग वैक्सीन न होने के कारण वापस लौट रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लक्ष्य के सापेक्ष वैक्सीन लगा चुका है, लेकिन अभी भी 43 फीसदी लोगों को बूस्टर डोज नहीं लगा है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिस महिला की रिपोर्ट पॉजिटीव है। 

उससे कोविड से बचाव के तीन डोज की वैक्सीन लग चुकी हैं। इसलिए उसे कोई दिक्कत नहीं है। सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने बताया कि महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव है, लेकिन उसकी स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य टीम की देख रेख में महिला को होम आइसोलेट कर दिया गया है।

Bhadohi

Mar 24 2023, 14:18

कालीन नगरी में सात साल में 80 फीसदी कम हुए टीबी के मरीज

नितेश श्रीवास्तव 

भदोही। कालीन नगरी में टीबी मरीजों का ग्राफ लगातार गिर रहा है। पिछले सात सालों में 80 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि बीच में वैश्विक महामारी कोविड के दौर में टीबी मरीजों की संख्या जरूर बढ़ी, लेकिन उसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से जिले में तेजी से टीबी मरीजों का ग्राफ गिरा। वर्तमान समय में केवल 544 टीबी मरीज हैं।

 जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विवेक कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि टीबी एक ऐसी बीमारी है। जिसे समाज के डर के कई लोग बताने से बचते हैं, जबकि इसका सही समय पर इलाज न किया जाए तो यह जानलेवा भी हो सकता है। अगर किसी मरीज का आखिरी स्टेज में टीबी की पहचान होती है तो उसे बचाना मुश्किल होता है, जबकि अगर यह शुरू में ही पता चल जाए तो 100 फीसद मरीज ठीक होकर अपना जीवन यापन करते हैं।

 बता दें कि टीबी के खात्मे को लेकर निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जिले में 2017 से लेकर अब तक 80 फीसदी टीबी के मरीज कम हुए हैं। 2017 में जहां टीबी मरीजों का आंकड़ा 2670 था। अब सिर्फ 544 मरीज बचे हैं। इन मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि 2020-21 में वैश्विक महामारी कोविड के दौर में टीबी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान कुछ प्रभावित हुआ था। जिसके कारण बीच में कुछ मरीजों की संख्या बढ़ी थी, लेकिन उसके बाद अब तक मरीज कम हुए हैं। अब जनपद टीबी मुक्त होने की दिशा की ओर बढ़ चुका है। 

हर तीन महीने जारी होती है रैकिंग डॉ. विवेक ने बताया कि लखनऊ से हर तीन महीने में हर जिले की टीबी रैकिंग जारी की जाती है। जिसमें टीबी को लेकर किये जा रहे कार्यों और सुधारों के आधार पर परखा जाता है। जिले की रैकिंग में तेजी से सुधार हो रहा है।

इसके पहले 15 दिसंबर को जारी हुई रैकिंग में जिले ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए 33वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंच गया। अगली रैकिंग अप्रैल महीने में जारी की जाएगी। बताया कि आगामी दिनों में क्षय रोग विभाग और जिला पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Bhadohi

Mar 24 2023, 14:12

तीसरे दिन हुई देवी चंद्रघंटा के स्वरूप की पूजा

नितेश श्रीवास्तव 

भदोही। नवरात्र के तीसरे दिन देवी मंदिरों में आदि शक्ति जगत जननी मां दुर्गा की पूजा अर्चना की गई। मंदिरों में भोर से ही पूजन अर्चन का दौर चलता रहा जो देर रात तक चला। विभिन्न मंदिरों में श्री दुर्गा सप्तशती पाठ, अखंड रामायण, सुंदरकांड, भजन कीर्तन और प्रवचन का आयोजन किया गया है।नवरात्र के तीसरे दिन आदिशक्ति मां चंद्रघंटा देवी के स्वरूप की पूजा की गई।

 ज्ञानपुर के पुरानी बाजार स्थित घोपैला स्थित शीतला माता मंदिर पर दिन भर पूजन अर्चन का दौर चलता रहा। इसी तरह हरिहरनाथ मंदिर स्थित मां काली, शीतला और दुर्गा मां के मंदिरों में देवी की पूजा अर्चना की गई।

गोपीगंज नगर के सदर मुहाल स्थित प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा था। मंदिर पर दिन भर भजन कीर्तन, दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ ही शाम काल बाजार की महिलाओं के द्वारा भजन और गीत गाया गया। 

रात्रि में श्रीराम कथा पर प्रवचन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डेरवां के गंगा तट पर स्थित प्राचीन मां शीतला माता मंदिर पर मेले जैसा माहौल रहा। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।

भक्तों ने नारियल, चुनरी, मिष्ठान आदि का देवी को भोग लगाया। सीतामढ़ी स्थित सीता समाहित स्थल सीतामढ़ी में नवरात्र के चलते मेले जैसा माहौल है। दिनभर दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है। 

हजारों की संख्या में भक्तों ने जगत जननी मां जानकी के दरबार में हाजिरी लगाई। इसी तरह क्षेत्र के जंगीगंज, कोइरौना, ऊंज, वहिदानगर, गोपीगंज, घोसिया, खमरिया, औराई, बाबूसराय, चौरी, भदोही, सुरियावां, दुर्गागंज, अभोली आदि क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में देवी की पूजा और आराधना की गई है।

विभिन्न स्थानों पर लगाए गए पंडालों में कुछ स्थानों पर देवी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू कर दी गई है जबकि अधिसंख्य स्थानों पर पंचमी और सप्तमी का प्राण प्रतिष्ठा कर पूजन अर्चन किया जाएगा। 

दुर्गोत्सव समिति खमरिया की ओर से आकर्षक पंडाल बनाया गया है। इसमें देवी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति का संरक्षक दीनानाथ बरनवाल को बनाया गया है। अध्यक्ष राम विलास मौर्य और छेदी केशरवानी ने बताया कि समिति की स्थापना 1984 में दीनानाथ बरनवाल के द्वारा की गई थी। उन्हीं की देखरेख में हर वर्ष पंडाल सजवाया जाता है।